बालाघाट जिले के बिरसा थाना अंतर्गत अचनाकपुर गाँव में शराब पीकर एक व्यक्ति ने महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ की। इस पर महिला ने शराबी को पीट दिया। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद महिला ने शराबी को पेड़ से बांध दिया। बताया जा रहा है कि इंदल शराब के नशे में धुत होकर गांव की एक महिला के घर में घुस गया और अकेली महिला से छेड़छाड़ करने लगा। इस पर महिला ने शोर मचाया और अपने परिवार के लोगों को बुलाया। इसके बाद जैसे ही शराबी परिवार को देखकर भागने लगा, परिवार ने शराबी को पकड़ लिया।
परिवार के सदस्यों की मदद से महिला ने शराबी को उसके घर के सामने लकड़ी के एक खंभे से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई की। इस बीच, परिवार ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शराबी व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग महिला के साहस की तारीफ कर रहे हैं।


0 टिप्पणियाँ