Ticker

5/छत्तीसगढ़ की सामान्य जानकारी/ticker-posts

राजमाता विजया राजे सिंधिया की 101वीं जयंती: PM ने जारी किया 100 रुपये का सिक्का, CM शिवराज ने याद किया योगदान

PM ने जारी किया 100 रुपये
PM ने जारी किया 100 रुपये का सिक्का

ग्वालियर. राजमाता विजया राजे सिंधिया (Vijaya Raje Scindia) की 101वीं जयंती मनाई गई. इस मौके पर जन्मशताब्दी समारोह का आयोजन हुआ. इसमें सीएम शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) , नरेंद्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) शामिल हुए. वहीं दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) ने ऑनलाइन राजमाता की स्मृति में सौ रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया है.

बीजेपी को वटवृक्ष बनाने में राजमाता का अमूल्य योगदान

इस मौके पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने राजमाता की समाधिस्थल पर माल्यार्पण किया और उनके जीवन आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया. ग्वालियर के बंधन गार्डन में भव्य आयोजन किया गया था. सीएम ने कहा कि राजमाता सेवा की पर्याय थीं. जन्म महलों में लिया, लेकिन आम जनता की सेवा में जीवन समर्पित कर दिया. सेवा के साथ अन्याय के खिलाफ आवाज की प्रतीक थीं राजमाता.

सीएम ने कहा कि साल 1967-68 में कांग्रेस की अहंकारी सत्ता ने जनता को कुचलना शुरू किया था. राजमाता ने तत्कालीन लंका को जलाकर राख कर दिया और सरकार गिराई थी. शिवराज ने साल 1973 का किस्सा सुनाया और कहा कि 1973 में नर्मदा में बाढ़ आई तो सरकार, मंत्री, मुख्यमंत्री नहीं पहुंचे. लेकिन सबसे पहले राहत सामग्री लेकर राजमाता पहुंची थीं.

सीएम ने कहा कि राजमाता कार्यकर्ताओं के दिलों में बसती थीं. भारतीय जनता पार्टी आज विशाल वटवृक्ष है, जिसे बनाने में राजमाता का अहम योगदान है. जब 1971 में देश में इंदिरा लहर थी तब राजमाता सिंधिया और माधवराव सिंधिया ने मिलकर मध्य भारत की 11 लोकसभा सीटों पर जनसंघ को जीत दिलाई थी. उन्होंने आपातकाल में भी संघर्ष किया और सशक्त और समृद्धशाली भारत निर्माण में पूरा जीवन दान कर दिया. उनकी बड़ी इच्छा थी कि अयोध्या में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर का निर्माण हो. आपातकाल में राजमाता तिहाड़ जेल में रहीं, लेकिन कभी झुकी नहीं, कभी रुकी नहीं.

पीएम ने 100 रुपये का सिक्का जारी किया

राजमाता विजयाराजे सिंधिया के जन्मशताब्दी वर्ष के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजमाता की स्मृति में 100 रुपये का सिक्का जारी किया. पीएम के कार्यक्रम का ग्वालियर में सीधा प्रसारण हुआ. सीएम शिवराज ने पीएम को धन्यवाद देते हुए कहा कि राजमाता की याद में जो सिक्का जारी हुआ है वह राजमाता के चरणों में देश की तरफ से श्रद्धांजलि है.

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जनसंघ और भाजपा को स्थापित करने में दादी का योगदान रहा है. उन्होंने सदैव मूल्यों की राजनीति की. हम उनके आदर्शों और दिखाए गए मार्ग पर चल कर जनसेवा में लगे हैं. कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि राजमाता के सम्मान में सिक्का जारी करने के लिए प्रधानमंत्री जी का दिल की गहराइयों से आभार है. आज का दिन खुशियों वाला बड़ा दिन है.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ