राष्ट्रीय एकता दिवस 2019: राष्ट्रीय एकता दिवस या National Unity Day हर साल 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मनाया जाता है, जिन्हें 'भारत के लौह पुरुष' के रूप में भी जाना जाता है. राष्ट्रीय एकता दिवस 2019 की शुरुआत वल्लभभाई पटेल की 144वीं जयंती से की गई है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के केवडिया में स्टैचू ऑफ यूनिटी में उनकी जयंती पर सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि देकर राष्ट्रीय एकता दिवस की शुरुआत की. स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, जो दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा है, वल्लभभाई पटेल को दर्शाती है. वे स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान भारत के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक थे.
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर, जम्मू और कश्मीर राज्य में धारा-370 वापस लेने का निर्णय सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित किया. पीएम मोदी ने उनके संस्मरणों को याद करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने एक बार कहा था कि यदि कश्मीर का मुद्दा उनके द्वारा संभाला जाता तो इसे हल करने में इतना समय नहीं लगता. गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख दो केंद्र शासित प्रदेशों के रूप में आज अस्तित्व में आ गये हैं.


0 टिप्पणियाँ