पेमेंट टेक्नोलॉजी कंपनी वीज़ा ने पी.वी. सिन्धु को दो वर्ष के लिए ब्रांड एम्बेसडर बनाया है। इसके साथ ही पी.वी. सिन्धु टोक्यो ओलिंपिक 2020 के लिए टीम वीज़ा की एथलीट सदस्य बन गयी हैं। ‘टीम वीज़ा’ कंपनी का वैश्विक एथलीट सहायता कार्यक्रम है, इस कार्यक्रम के तहत ओलिंपिक तथा पैरालिम्पिक खेलों की आकांक्षा रखने वाले एथलीट्स की सहायता की जाती है। टीम वीज़ा ने वर्ष 2000 में कार्यक्रम की शुरुआत के बाद से अब तक 400 से अधिक ओलिंपिक तथा पैरालिम्पिक एथलीट्स की मदद की है।
वीजा एक अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी है, यह कंपनी वित्तीय सेवा प्रदान करती है। वीज़ा क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड तथा गिफ्ट कार्ड की सुविधा प्रदान करती है। वीजा कंपनी की स्थापना 1958 में बैंक अमेरिकार्ड के रूप में डी हॉक ने की थी। वीजा का मुख्यालय अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में फोस्टर सिटी में स्थित है। वर्तमान में वीजा कंपनी के सीईओ अल्फ्रेड एफ. केली हैं।
पी. वी सिन्धु
पी. वी. सिन्धु भारत के सर्वश्रेष्ठ बैडमिंटन खिलाड़ियों में से एक हैं। उनका जन्म 5 जुलाई, 1995 को तेलंगाना के हैदराबाद में हुआ था। उन्होंने 2016 के रिओ ओलिंपिक में देश के लिए रजत पदक जीता था। 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में बैडमिंटन के महिला एकल वर्ग में उन्होंने रजत पदक जीता। इसके अलावा वर्ल्ड चैंपियनशिप 2017 और 2018 में उन्होंने रजत पदक जीता था। पी.वी. सिन्धु विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय हैं। 2016 में सिन्धु को पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।


0 टिप्पणियाँ